कनॉट प्लेस सेंट्रल पार्क बंद, तिरंगा मार्च से पहले दिल्ली में तनाव | national news
राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से 16 अक्टूबर को आहूत ‘लहरा दो तिरंगा’ यात्रा से ठीक पहले प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद ने सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क को दो दिनों के लिए आम जनता के लिए बंद रखने का आधिकारिक नोटिस जारी किया है। इस पाबंदी के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
दूसरी ओर, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया के जरिए बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनके ठहरने के स्थान को अंडरकवर पुलिसकर्मियों ने चारों तरफ से घेर लिया है और उनकी हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना कोई कानूनी अपराध नहीं है और वे अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेंगे, भले ही इसके लिए उन्हें गिरफ्तारी का सामना क्यों न करना पड़े।
प्रशासनिक सख्ती के बीच दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कनॉट प्लेस कोई निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं है और इलाके में निषेधाज्ञा लागू है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़भाड़ वाले इस व्यावसायिक केंद्र में विरोध प्रदर्शन के लिए इकट्ठा न हों। इस मार्च के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है, जिसके तहत कनॉट प्लेस और आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्जन और भारी जाम की आशंका जताई गई है, जिससे आम नागरिकों को आवाजाही में असुविधा हो सकती है।
