आगरा में चलती ट्रेन से उतरते समय पैर फिसलने से मशहूर सर्जन की दर्दनाक मौत, दिल दहला देने वाला वीडियो वायरल | agra news
आगरा के प्रसिद्ध लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉक्टर लाखन सिंह गालव की एक रेल हादसे में मौत हो गई है। यह दुखद घटना राजा की मंडी रेलवे स्टेशन की है, जहां वह अपनी बेटी को महाकौशल एक्सप्रेस के एसी कोच में छोड़ने गए थे। एसी कोच की आवाज बाहर तक न आने और ट्रेन की रफ्तार का अंदाजा न लग पाने के कारण यह हादसा हुआ।
बेटी को सीट पर व्यवस्थित करने के बाद जब डॉक्टर गालव नीचे उतरने लगे, तब तक ट्रेन चल पड़ी थी। हड़बड़ाहट में उनका पैर फुटरेस्ट से फिसल गया और वह संतुलन खो बैठे। वह कुछ दूर तक कोच के हैंडल से लटके रहे, लेकिन हाथ छूटने के कारण सीधे ट्रैक पर जा गिरे। चलती ट्रेन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। इस भयानक हादसे का पौने दो मिनट का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
बेटी ने रोकी ट्रेन और पहुंची वापस
एसी कोच की खिड़की से बेटी ने अपने पिता को गिरते हुए देख लिया था। उसने यात्रियों की मदद से शोर मचाया, लेकिन तब तक ट्रेन बिल्लोचपुरा स्टेशन पहुंच चुकी थी। बेटी वहां से टैक्सी लेकर वापस राजा की मंडी स्टेशन लौटी, जहां रेलवे ट्रैक पर पिता का शव देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। सूचना मिलते ही शहर के तमाम चिकित्सक और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।
अंतिम संस्कार पैतृक गांव में
जीआरपी और स्थानीय पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया, जहां उनके पैतृक गांव इरादत नगर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे ने एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान बरती जाने वाली असावधानी के खतरों को उजागर कर दिया है, जिससे एक हंसता-खेता परिवार उजड़ गया।
