इजरायली गायक ने भारतीय पायलट के सम्मान में गाई हनुमान चालीसा, वीडियो वायरल | international news
मुश्किल हालात में मानसिक मजबूती और अटूट साहस का परिचय देने वाले फ्लाईदुबई के भारतीय कैप्टन स्मित मछार की कहानी अब सरहदों को पार कर चुकी है। दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान जब विमान संकट में था, तब कैप्टन मछार ने हनुमान चालीसा का पाठ कर खुद को संभाला था और विमान को सुरक्षित रखने के प्रयास किए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक बातचीत में उन्होंने इस बात का खुलासा किया था कि संकट के उन क्षणों में उनकी आस्था ने उन्हें कैसे हिम्मत दी थी।
कैप्टन स्मित मछार के इसी अदम्य साहस और आस्था की कहानी जब इजरायल तक पहुँची, तो वहाँ के एक स्वतंत्र कलाकार और संगीतकार बेन रैविट्ज़ गहराई से प्रभावित हुए। बेन रैविट्ज़ भारतीय शास्त्रीय और आध्यात्मिक संगीत में विशेष रुचि रखते हैं और अक्सर इससे जुड़ी प्रस्तुतियां साझा करते रहते हैं। कैप्टन के संघर्ष और विश्वास से जुड़ते हुए उन्होंने अपने अनूठे अंदाज में हनुमान चालीसा को स्वरबद्ध किया और इसे कैप्टन मछार को समर्पित कर दिया।
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो ने दोनों देशों के नागरिकों का दिल जीत लिया है। इंटरनेट यूजर्स इस प्रस्तुति को बेहद भावुक करने वाला और सीमाओं से परे संस्कृतियों का अनूठा मिलन बता रहे हैं। लोगों का मानना है कि एक व्यक्ति का सकारात्मक साहस और ईमानदारी से किया गया काम किस तरह हजारों किलोमीटर दूर बैठे दूसरे इंसान को भी प्रेरित कर सकता है, यह इसका जीवंत उदाहरण है। यह घटना दर्शाती है कि संगीत और आस्था किस प्रकार पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरो सकती है।
