गुजरात में 3.75 करोड़ की सोने की लूट का खुलासा, चलती कार का दरवाजा पकड़कर 500 मीटर घसीटे गए इंस्पेक्टर | gujarat gold robbery news
गुजरात के नडियाद रेलवे स्टेशन पर हुई करोड़ों की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। इस वारदात में बदमाशों ने एक व्यापारी से 3.75 करोड़ रुपये की कीमत का 2.90 किलो सोना लूट लिया था और कार में सवार होकर फरार हो गए थे। व्यापारी की सूझबूझ और रेलवे पुलिस द्वारा तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद संदिग्ध गाड़ियों की जानकारी स्टेट कंट्रोल रूम को दी गई, जिससे पुलिस को आरोपियों का रूट ट्रैक करने में मदद मिली।
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तुरंत रूट मैपिंग और नाकाबंदी शुरू की। बनासकांठा कनेक्शन सामने आने पर एलसीबी और वीरमगाम टाउन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए रास्तों को ब्लॉक कर दिया। पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों को घेरने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई। इस दौरान जब बदमाशों ने भागने के लिए कार को भगाने का प्रयास किया, तो एक इंस्पेक्टर ने अपनी जान की परवाह न किए बिना चलती गाड़ी का दरवाजा पकड़ लिया।
आरोपियों द्वारा करीब 500 मीटर तक घसीटे जाने के बावजूद इंस्पेक्टर ने हिम्मत नहीं हारी और चलती कार के अंदर पहुंचकर स्टीयरिंग पर नियंत्रण करते हुए इमरजेंसी हैंडब्रेक खींच दिया। इसके बाद पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए चारों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने बलेनो कार की सीट कवर के अंदर छिपाकर रखा गया पूरा सोना, दो कारें, पांच मोबाइल फोन और नकदी बरामद कर ली है। इस साहसिक कार्रवाई से पुलिस ने यह साबित कर दिया कि अपराधियों के कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून के लंबे हाथों से बचना नामुमकिन है।
