कीर्ति नगर में तेज रफ्तार कार ने बुजुर्ग दंपत्ति को रौंदा, आरोपी महिला गिरफ्तार | delhi news
राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले के कीर्ति नगर इलाके में लापरवाही का एक और खौफनाक मामला सामने आया है, जहाँ 2 अक्टूबर की सुबह एक तेज रफ्तार हुंडई क्रेटा कार ने सड़क पर चल रहे बुजुर्ग दंपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया. इस घटना से स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश है और सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, 79 वर्षीय दयानंद और उनकी 79 वर्षीया पत्नी कुसुम सुबह के वक्त पास के ही एक धार्मिक स्थल से पूजा-पाठ कर अपने घर लौट रहे थे. जब वे घर के करीब पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बुजुर्ग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे. हादसे में दयानंद के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी पत्नी भी घायल हुई हैं. दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उनकी जान बच गई और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
दुर्घटना का सबसे मानवीय पक्ष यह रहा कि टक्कर मारने के बाद आरोपी महिला चालक कुछ पल के लिए कार से बाहर आई, जमीन पर तड़प रहे बुजुर्गों को देखा, लेकिन मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गई. यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. जांच में सामने आया कि वाहन को 49 वर्षीय नवलीन नामक महिला चला रही थी. कीर्ति नगर थाना पुलिस ने फुटेज और कार नंबर के जरिए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
