इंस्टाग्राम पर प्यार और शादी के छह महीने बाद पति की हत्या में पत्नी को उम्रकैद | crime news
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र के संतोरी गांव में एक सनसनीखेज मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। जिला एवं सत्र न्यायालय ने पति की हत्या के मामले में दोषी पाई गई पत्नी ज्योति चौधरी को आजीवन कारावास और 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इस त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के तहत महज डेढ़ साल के भीतर अदालत ने अपना फैसला सुनाया है, जिससे क्षेत्र में कानून का डर और न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
घटना अक्टूबर 2024 की है। मृतक अमित चौधरी और ज्योति चौधरी के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्यार में बदल गई। परिवार की रजामंदी के बाद दोनों ने मार्च 2024 में पहले कोर्ट मैरिज और फिर सामाजिक रीति-रिवाजों से विवाह किया था। शादी के शुरुआती कुछ महीने सब कुछ ठीकठाक चलता रहा, लेकिन अचानक दोनों के बीच आई दूरियों ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
बीते 2 और 3 अक्टूबर 2024 की रात जब पूरा परिवार घर में एक शोक कार्यक्रम की तैयारियों में व्यस्त था, तब इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया। अमित का शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला, जिसके हाथ पीछे बंधे हुए थे। हैरान करने वाली बात यह थी कि हत्या को अंजाम देने के बाद खुद ज्योति ने आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस को अपने पति की हत्या की सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।
अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद न्यायाधीश ने ज्योति को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत दोषी करार दिया। इकलौते बेटे की मौत से बेसुध हो चुके माता-पिता ने अदालत के इस फैसले पर संतोष जताया है, हालांकि उनके मन में अब भी यह सवाल बना हुआ है कि आखिर इतने कम समय में हंसते-खेलते रिश्ते में ऐसी कौन सी दरार आ गई जिसने एक की जान ले ली और दूसरे को उम्रकैद की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
