रणवीर सिंह की नई bollywood फिल्म प्रलय का सेट से पहला लुक वायरल
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर अपने नए और दमदार अंदाज से पर्दे पर लौटने की तैयारी कर रहे हैं। मुंबई में इन दिनों उनकी आगामी फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग तेजी से चल रही है, जहां से अभिनेता का पहला लुक सोशल मीडिया पर लीक हो गया है। इस वायरल झलक में रणवीर बढ़े हुए बालों के साथ अपनी पीठ पर एक बच्चा लादे नजर आ रहे हैं, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता को काफी बढ़ा दिया है।
फिल्म की कहानी और भव्यता को लेकर दर्शकों में अभी से खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह एक सर्वाइवल और पोस्ट-एपोकैलिप्टिक थ्रिलर है, जो दुनिया के अंत जैसे किसी बड़े संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इस प्रोजेक्ट में रणवीर सिंह के साथ अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन भी महत्वपूर्ण किरदार निभाती नजर आएंगी। सेट से दोनों कलाकारों के शूटिंग करते हुए वीडियो भी सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
रणवीर के इस नए लुक को देखकर उनके चाहने वाले इसकी तुलना उनकी पिछली फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार जसकीरत से करने लगे हैं। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक किरदार और कहानी की आधिकारिक डिटेल साझा नहीं की गई है, लेकिन जिस तरह से शूटिंग सेट से अपडेट्स बाहर आ रहे हैं, उससे साफ है कि यह फिल्म दर्शकों के लिए एक अलग सिनेमाई अनुभव लेकर आएगी। फिल्म का निर्देशन जय मेहता के हाथों में है और अगस्त महीने से इसकी शूटिंग लगातार जारी है।
इस हाई-ऑक्टेन एक्शन प्रोजेक्ट के जरिए रणवीर सिंह अपनी पिछली सफलताओं के बाद एक बिल्कुल नए और गंभीर अवतार में नजर आने वाले हैं। फिल्म की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर इसके शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है, जो दर्शकों को एक नई दुनिया की सैर कराएगा।
