Lucknow News: पुलिस ने टूटने से बचाया परिवार, बेटी के सिर से टला तलाक का साया
लखनऊ के आशियाना थाने की महिला हेल्प डेस्क ने एक परिवार को टूटने से बचाकर मिसाल कायम की है। 13 साल पुराने एक विवाह में घरेलू कलह के कारण तलाक तक की नौबत आ गई थी, जिससे 11 साल की मासूम बेटी का भविष्य अधर में लटक रहा था। महिला ने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
पुलिस ने घंटों तक दोनों की काउंसलिंग की और उन्हें समझाया कि उनके अलगाव का सबसे बड़ा खामियाजा उनकी बेटी को भुगतना पड़ेगा। पुलिस की समझाइश और बेटी के भविष्य को देखते हुए दंपति की आंखें नम हो गईं। उन्होंने अपने सारे गिले-शिकवे भुला दिए और थाने में ही एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नए सिरे से जीवन शुरू करने का संकल्प लिया। इस पहल से न केवल एक परिवार बिखरने से बचा, बल्कि मासूम बेटी को भी माता-पिता का प्यार एक साथ मिलना सुनिश्चित हुआ।
