यूपी में भारी बारिश का रेड अलर्ट, लखनऊ-कानपुर समेत 4 जिलों में बिजली गिरने की आशंका
उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ, कानपुर देहात, बाराबंकी और कन्नौज जैसे चार जिलों के लिए अगले तीन घंटों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कड़कड़ाती बिजली गिरने और 40 किमी प्रति घंटा तक तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
पूर्वांचल और मध्य यूपी के कई जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश और बिजली कड़कने का अनुमान है। बलिया, जालौन, इटावा, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, गोंडा, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी और सहारनपुर जैसे जिलों में भी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के बड़े हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है, जिसमें सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, बांदा, हमीरपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, झांसी, आजमगढ़, मऊ, बिजनौर और पीलीभीत जैसे जिले शामिल हैं।
इस मौसम अलर्ट को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से खुले स्थानों, खेतों और पानी भरे इलाकों में न जाने की सलाह दी है। आपात स्थिति में सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने का सुझाव दिया गया है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में रुक-रुक कर हल्की से भारी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है।
