यूपी में अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 31 अगस्त से 4 सितंबर तक कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, 31 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। एक सितंबर को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। दो से चार सितंबर के दौरान दोनों अंचलों में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विशेष रूप से प्रयागराज, बांदा, चित्रकूट, वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद और बिजनौर जैसे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है।
इस दौरान, मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों से गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने, यात्रा से बचने और बिजली के उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव, नदियों का जलस्तर बढ़ना और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। किसानों को भी अपनी फसलों को जलभराव से बचाने के लिए तत्काल पानी की निकासी सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। गन्ने, अरहर, मक्का, धान और सब्जियों जैसी फसलों को नुकसान का खतरा बताया गया है।
