अलीगढ़ दंगल: रिंकू पहलवान ने रॉकी को हराकर मारी बाजी, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला मंच
अलीगढ़ के दांतों गांव में ग्राम प्रधान रामेश्वर सिंह यादव के नेतृत्व में एक भव्य दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक खेल उत्सव ने ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान किया और युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक किया।
दंगल का शुभारंभ ग्राम प्रधान ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर किया। प्रतियोगिता में विभिन्न गांवों और जिलों के नामी पहलवानों ने हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों ने अपने दांव-पेच से दर्शकों का मनोरंजन किया। मुख्य मुकाबले में अलीगढ़ के रिंकू पहलवान हीरापुर मानई ने बुलंदशहर के रॉकी पहलवान जहांगीराबाद को चित करके जीत हासिल की।
इस अवसर पर विजेता और उपविजेता पहलवानों को ग्राम प्रधान द्वारा नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रधान ने कहा कि दंगल प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को सही मंच की आवश्यकता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। इस मौके पर कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
