कानपुर खो-खो ट्रायल: 60 खिलाड़ियों ने Premier League के लिए दिखाया दम
कानपुर में कानपुर खो-खो प्रीमियर लीग-2026 के दूसरे चरण के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल का आयोजन किया गया। पीरोड स्थित हरसहाय जगदम्बा सहाय इंटर कॉलेज में आयोजित इस ट्रायल में विभिन्न जिलों से आए 60 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस आयोजन में भारतीय खो-खो टीम के पूर्व खिलाड़ी, अल्टीमेट खो-खो लीग के प्रोफेशनल खिलाड़ी और उत्तर प्रदेश पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे खो-खो खिलाड़ियों की मौजूदगी ने ट्रायल के महत्व को और बढ़ा दिया। खिलाड़ियों ने ग्राउंड ड्राइव, पोल ड्राइव, टैपिंग जैसी विभिन्न तकनीकों का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चयन समिति ने खिलाड़ियों की गति, चुस्ती, फिटनेस, तकनीकी दक्षता और मैच की परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता का गहन मूल्यांकन किया।
यह ट्रायल कानपुर में खो-खो खेल के विकास और प्रीमियर लीग के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर मंच मिलेगा। इस अवसर पर संघ के संरक्षक सत्य प्रकाश तिवारी, चयन समिति के चेयरमैन शिवलाल यादव, अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक रविंद्र सिंह गुर्जर, नवनीत कुमार वर्मा और संघ के सचिव विपिन कुमार सोनकर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
