Kanpur Dehat News: ओवरलोड वाहनों के खिलाफ पुलिस का अभियान, 20 ट्रकों के चालान
कानपुर देहात पुलिस ने जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग को रोकने के लिए देर रात सड़कों पर उतरकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ट्रैफिक सीओ राजीव सिरोही और टीआई विवेक यादव के नेतृत्व में टीमों ने प्रमुख मार्गों पर मोर्चा संभाला।
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कानपुर-झांसी हाइवे पर कई ओवरलोड वाहन ढाबों पर छिप गए, लेकिन पुलिस ने चेकिंग जारी रखी। इस दौरान ओवरलोडिंग के आरोप में 20 ट्रक और डंपरों के चालान काटे गए। यह कार्रवाई विशेष रूप से उन वाहनों पर केंद्रित थी जो अवैध रूप से खनन सामग्री का परिवहन कर रहे थे।
ओवरलोडिंग के साथ ही पुलिस ने अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाई। सहालग (शादी-विवाह) के सीजन को देखते हुए पुलिस ने बिना हेलमेट, सीट बेल्ट नहीं लगाने और ड्रंक एंड ड्राइव जैसे मामलों में भी कार्रवाई की। कुल मिलाकर 196 अन्य वाहनों के चालान किए गए।
सीओ ट्रैफिक राजीव सिरोही ने बताया कि रात में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य न केवल नियमों का पालन कराना है, बल्कि सड़क हादसों में कमी लाना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा और पुलिस टीमें सभी प्रमुख मार्गों पर तैनात रहेंगी।
