लखनऊ: हिस्ट्रीशीटर परिवार संग फूडवैली में नॉनवेज खा रहा था, पुलिस ने दबोचा तो हाथापाई
लखनऊ के ठाकुरगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर इस्लाम उर्फ ओलू, जो रंगदारी और जानलेवा हमले के मामले में वांछित था, मंगलवार देर रात गोमतीनगर फूडवैली में अपने परिवार के साथ खाना खा रहा था। पुलिस को उसकी लोकेशन मिली और गिरफ्तारी के लिए टीम पहुंची।
पुलिस को देखते ही इस्लाम ने भागने की कोशिश की, लेकिन सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे घेर लिया। पकड़े जाने पर वह पुलिस से हाथापाई करने लगा और खुद को निर्दोष बताते हुए चिल्लाने लगा। इस दौरान उसकी पत्नी और बेटा भी शोर मचाने लगे।
बवाल की सूचना पर गोमतीनगर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों थानों की संयुक्त टीम ने किसी तरह हिस्ट्रीशीटर इस्लाम को काबू कर गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को ठाकुरगंज पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि इस्लाम और उसके साथियों के खिलाफ 18 जनवरी को जानलेवा हमला, फायरिंग, रंगदारी और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले की विवेचना ठाकुरगंज थाने को सौंपी गई थी। इस्लाम के खिलाफ धर्मांतरण और सामूहिक दुष्कर्म सहित कई अन्य मामलों में भी 11 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
