0

बरला: आंगनवाड़ी केंद्र के सामने गंदगी का साम्राज्य, DDO ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

By Mar 18, 2026

बरला क्षेत्र के रानी आलमपुर गाँव में जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का धैर्य आखिरकार जवाब दे गया। बार-बार शिकायत के बावजूद समाधान न होने पर, जिला विकास अधिकारी (DDO) आलोक आर्य ने स्वयं गाँव पहुँचकर जमीनी हकीकत का मुआयना किया। उन्होंने पाया कि गाँव के आंगनवाड़ी केंद्र के ठीक बगल में स्थित तालाब गंदगी और बीमारियों का केंद्र बन चुका है। तालाब की क्षमता से अधिक पानी होने के कारण अब गंदा पानी आंगनवाड़ी केंद्र के मुख्य द्वार तक पहुँच गया है।

ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि केंद्र में आने वाले छोटे बच्चों को संक्रामक बीमारियों और जहरीले कीड़ों का लगातार डर बना रहता है। गाँव के प्रवेश मार्ग पर भी जलभराव के कारण ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, पानी की निकासी के लिए सड़क के नीचे डाले गए पाइप या तो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं या मलबे से बंद हैं। यहाँ तत्काल एक पुलिया निर्माण की आवश्यकता है ताकि जल निकासी सुचारु हो सके।

मौके पर पहुँचे जिला विकास अधिकारी ने सचिव और ग्राम प्रधान को जल्द से जल्द समस्या के निस्तारण हेतु कहा। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहाकि 15 दिनों के भीतर जलभराव और गंदगी की समस्या को खत्म किया जाए। आंगनवाड़ी केंद्र के सामने दीवार बनाकर और साफ-सफाई सुनिश्चित कर बच्चों को गंदे पानी से निजात दिलाई जाए। तालाब की पैमाइश कराई जाए और सड़क किनारे की जगह की जांच कर नाली निर्माण व रास्ता चौड़ा करने की योजना बनाई जाए। DDO ने कहा कि वह 15 दिन बाद स्वयं दोबारा निरीक्षण करूँगा।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें