कानपुर में SP MLA का आरोप, ‘BJP नेता फर्जी फॉर्म 7 से काट रहे PDA वोटर्स के नाम’
उत्तर प्रदेश के कानपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेई ने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने दावा किया कि भाजपा नेता सुनियोजित तरीके से ‘PDA वोटर्स’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के नाम मतदाता सूची से हटवाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यालय से फर्जी फॉर्म-7 के बंडल तैयार किए जा रहे हैं और इन्हें बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को सौंपा जा रहा है।
विधायक बाजपेई ने कहा कि ये फॉर्म-7 बिना पते और एपिक नंबर के हैं, और इन पर एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर बार-बार किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष समेत दो नेताओं के वीडियो भी उनके पास हैं, जिनमें वे बीएलओ पर दबाव बनाते हुए दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि नियम के अनुसार, कोई भी व्यक्ति 10 से अधिक फॉर्म-7 जमा नहीं कर सकता, लेकिन यहां सैकड़ों की संख्या में बंडल जमा किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि भाजपा ऐसे हथकंडों से चुनाव जीतना चाहती है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले भाजपा नेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने दखल नहीं दिया तो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होगी।
