दुबई में Shah Rukh Khan को मिला ‘ग्लोबल स्टाइल आइकन’ अवॉर्ड, किंग खान ने जीता फैंस का दिल
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान ने हाल ही में दुबई में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘ग्लोबल स्टाइल आइकन अवॉर्ड’ जीतकर एक बार फिर साबित कर दिया किय कि वह सिर्फ अभिनय के ही नहीं, बल्कि स्टाइल के भी किंग हैं। यह सम्मान उन्हें ‘दुबई मॉल ग्लोबल फैशन अवॉर्ड्स’ के पहले संस्करण में दिया गया। इस समारोह का आयोजन दुबई मॉल फेस्टिवल ऑफ फैशन के समापन के अवसर पर अरमानी होटल दुबई में किया गया था। यह अवॉर्ड शाहरुख खान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसने उन्हें वैश्विक फैशन मंच पर स्थापित किया है।
अवॉर्ड स्वीकार करते समय शाहरुख खान ने अपने हास्यपूर्ण और विनम्र स्वभाव का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा, “मुझे फैशन के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। मैं आमतौर पर नीली जींस और सफेद शर्ट ही पहनता हूं।” उन्होंने मजाकिया लहजे में यह भी कहा कि उन्हें लगता है कि यह अवॉर्ड उन्हें अपने दोस्त मोहम्मद अलाब्बार की वजह से मिला है, जिन्होंने शायद उनके लिए कुछ ‘तार खींचे’ होंगे।
एम्मार प्रॉपर्टीज के संस्थापक मोहम्मद अलाब्बार ने शाहरुख खान को यह पुरस्कार प्रदान किया। अलाब्बार ने शाहरुख को इस कार्यक्रम के लिए प्रेरणा बताया। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया। शाहरुख खान ने इस मौके पर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा द्वारा डिजाइन किया गया एक शानदार ब्लैक सूट पहना था।
इसी समारोह में डिजाइनर मनीष मल्होत्रा को भी ‘कॉट्योर डिजाइनर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। शाहरुख खान और मनीष मल्होत्रा का साथ काफी पुराना है और किंग खान ने अपनी कई फिल्मों में उनके डिजाइन किए हुए कपड़े पहने हैं।
