इंडोनेशिया में चीनी उत्पादन बढ़ाने के लिए ग्रीनटेक तैयार कर रहा विशेषज्ञ, Sugar Technology पर फोकस
इंडोनेशिया में चीनी उत्पादन बढ़ाने और कुशल विशेषज्ञों की टीम तैयार करने के लिए ग्रीनटेक कंसल्टेंट्स को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। राष्ट्रीय शर्करा संस्थान के पूर्व निदेशक प्रो. नरेंद्र मोहन और उनकी विशेषज्ञ टीम इंडोनेशिया के वर्तमान विशेषज्ञों को उन्नत प्रशिक्षण दे रही है। इस पहल का उद्देश्य देश के शुगर टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम और उद्योग को आधुनिक बनाना है।
इंडोनेशियाई कंपनी पीटी एलपीपी एग्रो, नुसंतारा के प्रोफेसरों की एक टीम वर्तमान में कानपुर में है और 30 जनवरी तक नई तकनीकों को समझने के साथ-साथ चीनी मिलों का भ्रमण करेगी। इस प्रशिक्षण के लिए कुंथी विध्याशी, इखसान सोलिखुद्दीन, अफीफुरोयान और अफला अकमल जैसे इंडोनेशियाई विशेषज्ञों के लिए हर्षनगर स्थित एक होटल में विशेष एक-सप्ताहीय शिविर का आयोजन किया गया।
कुशल और टिकाऊ चीनी उत्पादन में भविष्य के रुझानों पर केंद्रित इस प्रशिक्षण में, विशेषज्ञों को समग्र प्रसंस्करण दक्षता, लागत में कमी, गुणवत्ता सुधार, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन और मूल्यवर्धित उत्पादों के नए उपयोग सिखाए जा रहे हैं। प्रो. मोहन ने बताया कि इंडोनेशियाई चीनी उद्योग पुरानी तकनीकों पर निर्भर है, जिससे उत्पादन कम है और नए विशेषज्ञों की कमी है। इस चुनौती से निपटने की जिम्मेदारी इंडोनेशिया सरकार ने ग्रीनटेक कंसल्टेंट्स को दी है, जिसके लिए आवश्यक बजट भी आवंटित किया गया है। वरिष्ठ प्रबंधक काव्या अग्रवाल के अनुसार, यह प्रशिक्षण 30 जनवरी तक जारी रहेगा।
