गाजियाबाद: सैलून बोर्ड पर ‘हिंदू’ नाम से हंगामा, हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता गिरफ्तार
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला में एक सैलून के बाहर लगे बोर्ड पर ‘हिंदू’ नाम होने को लेकर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। उनकी सैलून संचालक से इस बात को लेकर काफी देर तक बहस हुई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
यह घटना बुधवार को हुई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई और शांतिभंग की धारा के तहत हिंदू रक्षा दल के एक कार्यकर्ता दीपक को हिरासत में लेकर कार्रवाई की है। पुलिस अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि अर्थला निवासी रहीस के सैलून के बोर्ड पर कई नाम लिखे थे, जिनमें एक नाम ‘हिंदू’ भी शामिल था। इसी बात पर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता आपत्ति जताते हुए वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इस हंगामे से स्थानीय लोगों में भी चर्चा का माहौल रहा।
