छात्रों को डाक पार्सल पर 10% छूट, स्टूडेंट पार्सल डिस्काउंट स्कीम की शुरुआत
नैनीताल मंडल के डाक विभाग ने छात्रों को बड़ी राहत देते हुए ‘स्टूडेंट पार्सल डिस्काउंट स्कीम’ की शुरुआत की है। इस नई योजना के तहत, छात्र अपनी किताबें, प्रोजेक्ट, स्टेशनरी और अन्य आवश्यक सामान डाक के माध्यम से अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने पर डाक शुल्क में 10 प्रतिशत की छूट का लाभ उठा सकेंगे। यह योजना नए साल से लागू हो गई है और इसका उद्देश्य छात्रों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है।
छात्रों को अक्सर अपने कॉलेज या विश्वविद्यालय में प्रोजेक्ट, किताबें या अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भेजने की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में, दूरी के अनुसार पार्सल की डिलीवरी दरें बढ़ जाती हैं, जिससे उन पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, डाक विभाग ने यह विशेष छूट प्रदान करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा देशभर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए उपलब्ध होगी।
प्रवर डाक अधीक्षक नैनीताल मंडल, अमित दत्त ने बताया कि इस योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रों को बुकिंग के समय अपने शैक्षणिक संस्थान का वैध पहचान पत्र (आईडी कार्ड) डाकघर के पार्सल काउंटर पर दिखाना होगा। यह छूट केवल स्पीड पोस्ट पार्सल (रिटेल) और इंडिया पोस्ट पार्सल (रिटेल) पर ही लागू होगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को किफायती, सुलभ और विश्वसनीय पार्सल सेवा प्रदान करना है।
