22 किलो चांदी की चेन हड़पने का मामला, आगरा पुलिस ने दर्ज किया केस
आगरा शहर में चांदी के एक बड़े कारोबारी से लाखों रुपये कीमती 22 किलो से अधिक चांदी की चेन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि मजदूरी पर काम करने के लिए दी गई यह चांदी कारीगर ने वापस नहीं लौटाई और संपर्क तोड़ लिया। सुभाष कॉलोनी निवासी चांदी कारोबारी निहाल सिंह धाकड़ ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 2 दिसंबर को कारोबारी के मुनीम पूरनमल उर्फ सोनू ने बालाजी पुरम निवासी पिंकू पुत्र मोहनलाल को 22 किलो 38 ग्राम चांदी की चेन मजदूरी पर दी थी। एक सप्ताह बाद जब माल लौटाने के लिए संपर्क किया गया तो पिंकू का मोबाइल फोन बंद मिला।
इसके बाद पिंकू के घर जाने पर परिजनों ने टालमटोल करते हुए जल्द चांदी लौटाने का भरोसा दिया। लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो चांदी वापस की गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला। पीड़ित का आरोप है कि पिंकू, उसके पिता मोहनलाल और भाई ने मिलकर चांदी हड़प ली है। निहाल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
