Jharkhand news: क्रिसमस की छुट्टी के कारण बदली PTM की तारीख, अब 16 जनवरी को होगी बैठक
झारखंड में सरकारी स्कूलों में विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) की तारीख में बदलाव किया गया है। यह बैठक अब 16 जनवरी को आयोजित की जाएगी। पहले यह बैठक 24 दिसंबर को होनी थी, लेकिन क्रिसमस और शीतकालीन अवकाश के कारण जनप्रतिनिधियों ने इसमें बदलाव का अनुरोध किया था।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक शशि रंजन ने सभी उपायुक्तों को पत्र भेजकर इस बदलाव की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि चिह्नित विद्यालयों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में होने वाली बैठक अब 16 जनवरी को होगी। मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से अपने क्षेत्र के कम से कम 10 स्कूलों का दौरा करने और बैठक में शामिल होने का अनुरोध किया गया है।
इस बीच, राज्य में चल रही शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, गर्म कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। उन्होंने खांसी-जुकाम जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने को भी कहा है।
