छिंदवाड़ा: अस्पताल के शौचालय में नवजात की निर्मम हत्या, कमोड में फ्लश कर दी जान
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया सिविल अस्पताल में सोमवार को मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के शौचालय के कमोड में एक नवजात बच्ची का शव मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस घटना की क्रूरता को उजागर किया है। रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची को जिंदा ही कमोड में डालकर फ्लश चला दिया गया था। फ्लश के पानी से बच्ची के फेफड़ों और पेट में पानी भर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सोमवार को ओपीडी में 15 गर्भवती महिलाएं जांच के लिए आई थीं। पुलिस ने इनमें से 14 महिलाओं की पहचान कर ली है, लेकिन एक महिला संदिग्ध है जिसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अस्पताल में लगे 26 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, जिस शौचालय में यह घटना हुई, उसके बाहर या आसपास कोई कैमरा नहीं था। पुलिस गैलरी और एंट्री गेट के फुटेज से संदिग्ध महिला और उसके साथ आए लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
आशंका है कि इसी संदिग्ध महिला ने शौचालय में बच्ची को जन्म दिया और सुबूत मिटाने के लिए उसे फ्लश कर वहां से भाग निकली। कमोड में नवजात का सिर और हाथ फंसा हुआ था। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की नाल (गर्भनाल) भी शरीर से जुड़ी हुई थी, जो इस बात का संकेत है कि जन्म तुरंत बाद ही यह जघन्य कृत्य किया गया।
