0

जम्मू-कश्मीर बोर्ड की बड़ी लापरवाही: छठी कक्षा की इतिहास किताब से 16 पेज गायब, अभिभावकों ने मचाया बवाल

By Dec 9, 2025

जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोस) की ओर से जारी कक्षा छह की इतिहास की पाठ्यपुस्तक में 16 पृष्ठ गायब होने से अभिभावकों में रोष और चिंता उत्पन्न हो गई है। यह मामला तब उजागर हुआ जब उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के कई अभिभावकों ने अपने बच्चों के लिए इतिहास की पाठ्यपुस्तक खरीदी और पाया कि उसमें पृष्ठ संख्या 9 से 24 तक गायब हैं।

एक अभिभावक अब्दुल रशीद भट ने कहा कि वे पुस्तक विक्रेता के पास वापस गए, लेकिन उसने बताया कि उसे जेके बोस से स्टाक मिला है और उसने किताब वापस लेने से इन्कार कर दिया। अभिभावकों को चिंता है कि इस त्रुटि का असर नए सत्र की शुरुआत में विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ सकता है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी त्रुटिपूर्ण पाठ्यपुस्तकें आधिकारिक जांच से गुजरकर बाजार में कैसे पहुंच सकती हैं।

अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों, विशेषकर शिक्षा मंत्री और जेके बोस के अधिकारियों से अपील की है कि वे तुरंत इस मामले की जांच करें, जिम्मेदारी तय करें और विद्यार्थियों के लिए नई, त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें जारी करें ताकि उन्हें और कोई असुविधा न हो।

जेकेबीओएसई के सहायक सचिव (पाठ्यपुस्तकें) मोहम्मद मकबूल भट ने कहा कि उन्होंने पुस्तक विक्रेताओं से अनुरोध किया है कि वे त्रुटिपूर्ण पुस्तकें वापस कर दें ताकि उन्हें बदला जा सके। उन्होंने बताया कि पाठ्यपुस्तकें बंडलों में भेजी जाती हैं और न तो स्रोत पर और न ही पुस्तक विक्रेताओं द्वारा व्यक्तिगत रूप से जांची जाती हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई त्रुटिपूर्ण मुद्रण हुआ तो पुस्तकें वापस ले ली जाएंगी और नई प्रतियां जारी की जाएंगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें