0

आजमगढ़ में जमीन विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने शुरू की जांच

By Dec 7, 2025

आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के जुनैदगंज के पास शनिवार की शाम एक 39 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात जमीनी विवाद के चलते हुई। मृतक की पहचान रौनापार थाना क्षेत्र के मारा करमैनीपट्टी गांव निवासी रजनीश पांडेय उर्फ राजू के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रजनीश पांडेय अपनी पत्नी रंजना पांडेय से मिलने के लिए बाइक से जिला महिला अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान जुनैदगंज के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोतवाली थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायल रजनीश को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतक की पत्नी रंजना पांडेय ने बताया कि यह हत्या जमीनी विवाद का परिणाम है। उनके पति के बुआ का घर जीयनपुर में है, और बुआ ने अपनी मृत्यु से पहले अपनी जीयनपुर की जमीन रजनीश के नाम कर दी थी। इस जमीन को लेकर फूफा की दूसरी पत्नी के बेटों से लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन था। इसी विवाद के चलते रजनीश की हत्या हुई है।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डा. अनिल कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।

इस घटना के बाद रजनीश पांडेय के परिवार में मातम पसर गया है। रजनीश पांडेय अपने पीछे एक बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें