0

अररिया में 360 बोतल नेपाली शराब जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

By Dec 3, 2025

सिकटी थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 360 बोतल नेपाली शराब जब्त की है। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं और एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

सूत्रों के अनुसार, सिकटी थानाध्यक्ष रौशन कुमार सिंह को रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग नेपाल से शराब की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में सक्रियता बढ़ा दी। इसी दौरान, पुलिस ने गांधी चौक उफरेल के पास एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर नेपाल की ओर से आते हुए देखा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन तस्कर ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूर जाकर उसे शराब की खेप के साथ पकड़ लिया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान 36 वर्षीय सोचन सरदार के रूप में हुई है। उसके पास से कुल 210 लीटर नेपाली शराब बरामद की गई, जो 300 एमएल की बोतलों में भरी हुई थी। इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया।

मामले की आगे की जांच के दौरान, मुरारीपुर बार्डर के पास से भी 60 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई। हालांकि, भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करते ही तस्कर की नजर पुलिस पर पड़ गई। पुलिस को पीछा करते देख, उसने मोटरसाइकिल को भारतीय क्षेत्र में ही छोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर नेपाल की ओर भाग निकला। पुलिस ने बोरी की तलाशी ली तो उसमें 60 बोतल शराब मिली। तस्करी में प्रयुक्त इस दूसरी मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।

इसके अतिरिक्त, इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 52वीं वाहिनी लेलोखर कंपनी के जवानों ने भी स्तभ संख्या 169 के पास से 90 बोतल नेपाली उमंगा शराब जब्त की। एसएसबी जवानों को देखते ही तस्कर बोरी को भारतीय क्षेत्र में फेंककर नेपाल की ओर भागने में सफल रहा।

बरामद की गई सभी शराब 300 एमएल की बोतलों में थी। इसे मद्य निषेध विभाग, अररिया को सुपुर्द कर दिया गया है। सिकटी पुलिस ने गिरफ्तार तस्कर के खिलाफ नई उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें