0

बिहिया नगर में बुलडोजर चला, अतिक्रमण हटाने पर दिनभर हंगामा और तनाव

By Dec 2, 2025

भोजपुर जिले के बिहिया नगर में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन का बुलडोजर जमकर चला। अभियान की शुरुआत बिहिया–बिहटा मुख्य सड़क पर धरहरा के पास से की गई, जिसके बाद राजा बाजार क्षेत्र में दिनभर अफरा-तफरी और बहस-तकरार का माहौल बना रहा।

जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ी, राजा बाजार का मुख्य चौक कुछ ही देर में लगभग पूरी तरह खाली हो गया। अभियान के दौरान तब सबसे ज्यादा हलचल मची जब लोगों ने अतिक्रमण हटाने में भेदभाव का आरोप लगाना शुरू किया। कई स्थानों पर लोग एक-दूसरे के टिन शेड दिखाकर हटवाने की मांग करते नजर आए, जिससे मौके पर बकझक का माहौल गर्म रहा।

दुकानदारों का कहना था कि कार्रवाई सभी पर समान रूप से होनी चाहिए, जबकि प्रशासन बार-बार यह घोषणा कर रहा था कि किसी भी स्तर पर पक्षपात नहीं किया जाएगा। कई लोगों ने यह भी कहा कि पहले मापी होनी चाहिए, तब अतिक्रमण हटाना चाहिए। उनका आरोप था कि प्रशासन बिना मापी कराए मनमानी तरीके से अतिक्रमण हटा रहा है। एक तरफ से अतिक्रमण हटाना शुरू होते ही राजा बाजार चौक और आरओबी के नीचे फुटपाथी दुकानदारों में भगदड़ की स्थिति रही और यह क्षेत्र अपने आप खाली हो गया।

इस दौरान कई फुटपाथी दुकानदारों ने कहा कि नगर पंचायत को पहले शहर में कई जगहों पर वेंडिंग जोन विकसित करने चाहिए, उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाना चाहिए।

हालांकि, प्रशासन ने साफ किया कि अतिक्रमण हटाने का यह अभियान आगे भी इसी प्रकार कई क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। अभियान के दौरान मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार, प्रधान सहायक गौरव कुमार, रविशंकर राय, कमलेश राय व अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में असंतोष देखा गया, जिन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक की गई इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई और उचित मुआवजे की मांग की।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें