महिला दारोगा ने बुजुर्ग महिला से की अभद्रता, वीडियो वायरल होने पर जांच के आदेश
उन्नाव के सदर कोतवाली में तैनात एक महिला दारोगा का एक वृद्ध महिला के साथ अभद्रतापूर्ण व्यवहार करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार की है जब महिला दारोगा उमा अग्रवाल दहेज उत्पीड़न के एक मामले में पीड़िता रिंकी को उसकी ससुराल, डकौली में मुआयना करने लेकर गई थीं। रिंकी ने अपने पति अमित कुमार और ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा दर्ज कराया था।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही दारोगा रिंकी को लेकर ससुराल पहुंचीं, वहां मौजूद उसकी सास, ननद और अन्य ससुरालियों ने पीड़िता पर हमला करने की कोशिश की। महिला दारोगा ने बीच-बचाव करने और पीड़िता को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान, जब ससुराल पक्ष पुलिस पर भी आक्रामक होने लगा, तो गुस्से में दारोगा के मुंह से कुछ अपशब्द निकल गए। इसी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
महिला दारोगा उमा अग्रवाल ने अपनी सफाई में कहा है कि वह मामले की विवेचक हैं और पीड़िता के साथ घटनास्थल का मुआयना करने गई थीं। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष ने न केवल पीड़िता पर हमला करने की कोशिश की, बल्कि पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की की। पीड़िता को बचाने के प्रयास में गुस्से में कुछ शब्द निकल गए, जिन्हें तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।
इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लिया है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि पीड़िता को बचाने के दौरान महिला दारोगा के मुंह से कुछ अपशब्द निकले थे। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखिलेश सिंह ने इस वायरल वीडियो की जांच के आदेश दिए हैं। मामले की जांच की जिम्मेदारी सीओ सिटी दीपक यादव को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
