0

यूक्रेन युद्ध समाप्ति की ओर? अगले हफ्ते मास्को में हो सकता है समझौता

By Nov 28, 2025

यूक्रेन में लगभग चार वर्षों से चल रहे विनाशकारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकाफ और उनके सहयोगी अगले सप्ताह रूस की राजधानी मास्को का दौरा करेंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य रूसी अधिकारियों और स्वयं राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ गहन वार्ता करना है, जिससे युद्धविराम और शांति समझौते की संभावनाओं को बल मिल सके।

सूत्रों के अनुसार, इस वार्ता के दौरान एक प्रारंभिक समझौते पर सहमति बन सकती है। यह पहल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रस्तुत की गई 28 सूत्रीय शांति योजना पर आधारित है। इस योजना के तहत यूक्रेन से अपेक्षा की गई है कि वह रूस द्वारा अधिग्रहित भूमि पर अपना दावा छोड़े और अपनी सेना का आकार कम करे। ट्रंप ने यूक्रेन को यह योजना स्वीकार करने के लिए 27 सितंबर तक की समय सीमा दी थी।

पिछले सप्ताह स्विट्जरलैंड के जिनेवा शहर में अमेरिका और यूक्रेन के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में, यूक्रेन की कुछ आपत्तियों के बावजूद, शांति योजना पर आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया। अब मास्को में होने वाली वार्ता में इस योजना के सभी बिंदुओं पर रूस और अमेरिका के अधिकारी विस्तार से चर्चा करेंगे।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यात्रा से पहले कहा कि विटकाफ का मास्को दौरा प्रारंभिक समझौते को लागू करने की दिशा में पहला कदम होगा। उन्होंने इस प्रक्रिया की तुलना गाजा में इजरायल और हमास के बीच हुए समझौते से की, जिसमें उन्होंने मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यूक्रेन को शांति योजना मानने या युद्ध जारी रखने के बीच चयन करना होगा।

दूसरी ओर, क्रेमलिन ने भी पुष्टि की है कि विटकाफ के आगमन पर युद्ध रोकने के लिए एक प्रारंभिक समझौता हो सकता है। हाल ही में लीक हुई एक टेलीफोन वार्ता की रिकॉर्डिंग से संकेत मिलता है कि युद्ध रोकने के प्रस्तावों पर उसी तरह से काम हो रहा है जैसा रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से अपेक्षा की थी। इस रिकॉर्डिंग के लीक होने पर क्रेमलिन ने अप्रसन्नता व्यक्त की है।

About Amit Sagar

Journalist covering latest updates.

साझा करें