मुंगेर में पिकअप से 855 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार: Bihar liquor smuggling busted
गंगटा पुलिस ने मुंगेर के मिल्की-गंगटा मुख्य मार्ग पर शिवराज सिंह लाइन होटल के पास एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वाहन से 99 कार्टन, जिसमें लगभग 855 लीटर शराब थी, जब्त की। इस मामले में नवादा निवासी सुभाष ठाकुर और धनबाद निवासी पवन कुमार मोदक को गिरफ्तार किया गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष अराधना कुमारी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध शराब लदी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली, जिसमें शराब बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने स्वीकार किया कि वे झारखंड के धनबाद से शराब की खेप लेकर खगड़िया की ओर जा रहे थे।
यह बरामदगी क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार तस्करों के पास से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गंगटा पुलिस को पिछले एक महीने में यह दूसरी बड़ी सफलता मिली है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
