7 दिन के नवजात को 5 लाख में बेचा, पुलिस ने पलामू से किया रेस्क्यू
झारखंड के गढ़वा जिले में एक दंपती द्वारा अपने 7 दिन के नवजात शिशु को बेचने का मामला सामने आया है। यह घटना डंडा थाना क्षेत्र के छपरदगा गांव की है। बताया जा रहा है कि नवजात के जन्म लेने के दूसरे दिन ही परिवार ने उसकी मां से छीनकर उसे बेच दिया था। नवजात की मां की मानसिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है, जिसका फायदा उठाकर यह कृत्य किया गया।
ग्रामीणों से मिली सूचना के आधार पर डंडा थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पलामू जिले के मेदिनीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेड़मा इलाके में छापेमारी की। पुलिस ने नवजात को खरीदने वाली एक महिला को हिरासत में लिया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसने नवजात को 5 लाख रुपये में खरीदा था।
नवजात को रेस्क्यू करने के बाद डंडा थाना पुलिस ने शिशु को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) गढ़वा के समक्ष प्रस्तुत किया। शिशु एवं उसकी मां को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। गढ़वा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों से पूछताछ चल रही है और मामले की जांच जारी है।
