आगरा में 6 साल के बच्चे की मौत, एंटी रैबीज रैबीज वैक्सीन के बाद भी नहीं बची जान | Agra news
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में एक 6 साल के बच्चे की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अतैयापुरा गांव के अनीस को 9 जनवरी को एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। परिवार ने तुरंत उसे निजी क्लीनिक ले जाकर एंटी रैबीज वैक्सीन (ARV) लगवाई। इसके बाद 12 और 16 जनवरी को सरकारी अस्पताल में भी वैक्सीन की खुराकें दी गईं।
26 जनवरी को अनीस को तेज बुखार आया। 27 जनवरी को उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसमें रैबीज के लक्षण दिखने लगे। परिवार उसे आगरा के अस्पतालों में ले गया, लेकिन कहीं राहत नहीं मिली। अंततः, दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में 1 फरवरी को अनीस की मौत हो गई।
इस घटना ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को उजागर किया है। पिनाहट, बाह और जैतपुर में कुत्तों के हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिनाहट के अधीक्षक डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने कहा है कि मामले की जानकारी मिली है और बच्चे के परिवार के अन्य सदस्यों को भी एहतियातन वैक्सीन लगाई जाएगी।
