भीमनगरी में विकास कार्यों पर खर्च होंगे 5 करोड़, शहर को मिलेगा नया रूप
शहर में आगामी तीन दिवसीय भीमनगरी समारोह की तैयारियों के बीच नगर निगम ने विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। समारोह स्थल जीजीआईसी मैदान और आसपास के क्षेत्रों को भव्य रूप देने के लिए 5 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक विकास योजनाएं शुरू की गई हैं। इस योजना के तहत सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, आंबेडकर वाटिकाओं के सौंदर्यीकरण और मरम्मत सहित कुल 38 महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे।
नगर निगम ने इन विकास कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। 38 में से 20 कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया 28 मार्च को पूरी हो चुकी है और उन पर काम भी आरंभ हो गया है। शेष कार्यों के लिए भी जल्द ही टेंडर खोले जाएंगे। प्रभारी मुख्य अभियंता (निर्माण) अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सभी ठेकेदारों को गुणवत्ता से समझौता न करने और समय सीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। निगम की टीमें लगातार कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की निगरानी कर रही हैं।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने इस आयोजन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भीमनगरी समारोह शहर के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। लक्ष्य यह है कि समारोह शुरू होने से पहले पूरा क्षेत्र स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित दिखे, जिससे शहरवासियों और आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिले।
