सोरों और बदायूं के बीच गंगा पर बनेगा 4.5 किमी लंबा पुल, 488 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया
उत्तर प्रदेश सेतु निगम बरेली यूनिट की ओर से सोरों के लहरा गंगा घाट और बदायूं सहसवान के गांव नगला बरन जामनी गंगा घाट तक गंगा नदी पर नए पुल निर्माण के लिए सर्वे के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। यह पुल करीब साढ़े चार किलोमीटर से अधिक लंबा होगा, जिसकी कुल लंबाई 4590.40 मीटर होगी। इसमें 151 पिलर बनाए जाने प्रस्तावित हैं, हर पिलर के बीच में तीस मीटर की दूरी होगी।
पुल के अलावा संपर्क पहुंच मार्ग व अतिरिक्त पहुंच मार्ग के निर्माण की लागत मिलाकर करीब 488 करोड़ की लागत का अनुमान लगाया गया है। उत्तर प्रदेश सेतु निगम बरेली यूनिट दो के महाप्रबंधक एनके ओझा एवं अरुण कुमार गुप्ता उप परियोजना प्रबंधक की ओर से तैयार किये गये प्रस्ताव को कार्ययोजना में शामिल कराने के लिए शासन की मंजूरी के लिए भेजा गया है। इसमें 200-200 मीटर के लम्बाई का पहुंच मार्ग एवं 3600 मीटर की लम्बाई के अतिरिक्त पहुंच मार्ग की आवश्यकता होगी।
नए पुल के प्रस्ताव भेजे जाने के बाद तीर्थ नगरी सोरों के लहरा गंगा घाट पर स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की तादात और बढ़ जाएगी। इसके अलावा कासगंज के सोरों तीर्थ नगरी के आसपास और बदायूं के सहसवान क्षेत्र के करीब 80 गांवों को आने जाने में काफी सहूलियत और समय की बचत होगी। इससे व्यापार, नौकरी, कामकाज, शिक्षा आदि के लिए जाने वालों को भी इसका लाभ होगा। बदायूं के सामाजिक कार्यकर्ता तिलक सिंह ने पुल निर्माण के लिए जिला प्रशासन से लेकर शासन स्तर तक काफी पैरवी की है।
