लखनऊ में वंदे मातरम् की धुन पर झूमे 2000 लोग, देशभक्ति संध्या का आयोजन
जनेश्वर मिश्र पार्क, लखनऊ में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्मृति अभियान के तहत एक देशभक्ति संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस event में एएमसी सेंटर एवं कॉलेज के पाइप बैंड, सिख लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंटल सेंटर के मिलिट्री बैंड और 1 असम रेजिमेंट के जैज बैंड ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। बैंडों ने ‘वंदे मातरम्’ से शुरुआत करते हुए ‘लहरा दो’, ‘सारे जहां से अच्छा’, ‘तेरी मिट्टी में’, ‘मेरा मुल्क मेरा देश’ और ‘दिल दिया है जान भी देंगे’ जैसे लोकप्रिय देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए।
इस संध्या में लगभग 2,000 लखनऊवासियों ने भाग लिया, जिन्होंने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों का आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन सूबेदार जतिंदर सिंह, सूबेदार मेजर राजिंदर सिंह और हवलदार नेत्र बहादुर ने किया। गायन प्रस्तुतियां एवी शेखर थापा, लांस नायक दीपक पुंडीर और सिपाही आलोक कुमार ने दीं। ‘तेरी मिट्टी में’ गीत पर बांसुरी वादक एवी कमलेश पंत की संगत विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पाइप एंड ड्रम्स बैंड ने ‘वैली ऑफ द ग्रीन’, ‘भगीरथी’, ‘किल्ट इज माय डिलाइट’ और ‘साथी भाई’ जैसी धुनें बजाईं।
‘मां तुझे सलाम’, ‘जय हो’ और ‘ताकत वतन की हम से है’ जैसे गीतों के माध्यम से उपस्थित लोगों के भीतर राष्ट्र के प्रति गर्व और समर्पण की भावना को जागृत किया गया। इस कार्यक्रम ने शहरवासियों को एकजुट कर राष्ट्र के प्रति अपने प्रेम और सम्मान को व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
