स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल की शादी कैंसिल, अफवाहों पर भड़के भड़के दोनों; क्रिकेटर ने कहा- प्राइवेसी बनाए रखना चाहती हूं
भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और सिंगर पलाश मुछाल की शादी कैंसिल हो गई है। दोनों ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। उनकी शादी पहले 23 नवंबर को होनी थी, लेकिन स्मृति के पिता को हार्ट अटैक आने के बाद इसे टाल दिया गया था। संगीत और हल्दी जैसे कार्यक्रम हो चुके थे, बारात की तैयारियां चल रही थीं।
शादी टलने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। दावा किया गया कि पलाश ने स्मृति के साथ धोखा किया है और उनका नाम वेडिंग कोरियोग्राफर से जोड़ा गया। इन अफवाहों के बीच, स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें हटा दी थीं, जिससे अटकलें और बढ़ गईं।
स्मृति ने अपनी पोस्ट में लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों से उनकी निजी जिंदगी को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वह बहुत निजी स्वभाव की इंसान हैं और अपनी प्राइवेसी बनाए रखना चाहती हैं। उन्होंने साफ किया कि शादी अब कैंसिल हो गई है और अनुरोध किया कि इस विषय को आगे न बढ़ाया जाए। उन्होंने लोगों से दोनों परिवारों की निजी जिंदगी का सम्मान करने और उन्हें अपनी भावनाओं को संभालने के लिए समय देने की अपील की।
पलाश ने भी इंस्टा स्टोरी में लिखा कि उन्होंने अपने जीवन में आगे बढ़ने और निजी रिश्ते से पीछे हटने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत मुश्किल स्थिति रही है, खासकर तब जब लोग बिना किसी आधार के फैल रही अफवाहों पर इतनी आसानी से रिएक्ट करते हैं। उन्होंने कहा कि जो चीज उनके लिए सबसे पवित्र थी, उसी पर ऐसी बातें होना बेहद दुखद है। पलाश ने झूठी और बदनाम करने वाली बातें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
