शोर मचाने पर बच्चों को बेंच पर लिटाकर पीटा, विधायक ने शिक्षक को लगाई फटकार
बालाघाट के सांदीपनि विद्यालय में बच्चों के साथ मारपीट का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने अभिभावकों को आक्रोशित कर दिया है। विद्यालय के शिक्षक रामप्रसाद राहंगडाले पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा छठवीं के सात छात्रों को इसलिए बेरहमी से पीटा क्योंकि वे कक्षा में शोर मचा रहे थे। अभिभावकों ने बताया कि शिक्षक ने बच्चों को न केवल शारीरिक दंड दिया, बल्कि उन्हें बेंच पर लिटाकर मारा और हद तो तब हो गई जब उनका गला तक दबाने का प्रयास किया गया।
इस अमानवीय घटना की सूचना मिलते ही बालाघाट की विधायक अनुभा मुंजारे गुरुवार को विद्यालय पहुंचीं। उन्होंने विद्यालय पहुंचकर आरोपी शिक्षक रामप्रसाद राहंगडाले को कड़ी फटकार लगाई और इस कृत्य को अत्यंत निंदनीय और अमानवीय बताया। विधायक ने आगे कहा कि वे इस संबंध में प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह से भी शिकायत करेंगी।
घटना बुधवार की बताई जा रही है। मारपीट के बाद से ही सभी पीड़ित छात्र दहशत में हैं। एक अभिभावक ने बताया कि गुरुवार सुबह जब उनका बच्चा स्कूल जाने से डर रहा था और मना कर रहा था, तब पूछने पर उसने शिक्षक द्वारा की गई पिटाई की घटना का खुलासा किया। बच्चा बुरी तरह डरा हुआ है और उसे बुखार भी आ गया है। अभिभावकों ने एक बार फिर आरोप लगाया कि शिक्षक ने बच्चों के साथ बर्बरता की हद पार कर दी।
विद्यालय पहुंचीं विधायक अनुभा मुंजारे ने शिक्षक रामप्रसाद की जमकर क्लास ली। उन्होंने बारी-बारी से बच्चों से घटना की पूरी जानकारी ली। सूत्रों के अनुसार, जिन छात्रों के साथ मारपीट की गई उनमें कक्षा छठवीं के पुनीत लिल्हारे, ओजवी मिश्रा, विहान नैनवानी, शौर्य दमाहे, हिमांश सोनवाने, अनवर पाटिल और जारेश बेग शामिल हैं।
इस मामले पर विद्यालय के प्राचार्य युवराज राहंगडाले ने कहा है कि छात्रों से पिटाई की जानकारी उन्हें अभिभावकों द्वारा विधायक से शिकायत के बाद मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि इस मामले में बच्चों और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए जाएंगे और जांच पूरी होने के बाद ही शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
