कुआंपूजन से लौटते दो दोस्तों को लोडर ने रौंदा, मौके पर हुई दर्दनाक मौत
हमीरपुर जनपद के मुस्करा थानाक्षेत्र में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। महोबा जनपद के चरखारी थानाक्षेत्र के रिवई गांव निवासी 27 वर्षीय अंकित विश्वकर्मा और 26 वर्षीय जयहिंद साहू कुआंपूजन कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हमीरपुर रोड पर चौरसिया पंप के सामने तेज रफ्तार लोडर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
सूत्रों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक करीब 20 फीट उछलकर दूर जा गिरे। इस भीषण दुर्घटना में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद लोडर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक अंकित के रिश्तेदार मनोज विश्वकर्मा ने बताया कि दोनों युवक इमिलिया गांव में एक कुआंपूजन कार्यक्रम में गए थे और देर रात वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मुस्करा थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राठ भेज दिया है।
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फरार लोडर वाहन की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस दुखद घटना से मृतक युवकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
