गाजीपुर: गंगा-गोमती संगम पर मिला लापता सब्जी व्यापारी का शव, हत्या की आशंका
गाजीपुर, जागरण संवाददाता। शहर के मिश्र बाजार निवासी एक युवा सब्जी व्यापारी नीरज गुप्ता (30) का शव शनिवार सुबह खरौना गांव स्थित गंगा-गोमती संगम तट पर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों ने नीरज की हत्या की आशंका जताई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अमरनाथ के पुत्र नीरज गुप्ता बुधवार की रात अपनी दुकान बंद करने के बाद अचानक घर से लापता हो गए थे। गुरुवार को दिनभर खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने कोतवाली थाने में नीरज की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर बताया था कि नीरज के मोबाइल की अंतिम लोकेशन सिधौना में मिली थी, जिसके बाद उनका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया था।
शनिवार की सुबह संगम के पास गोमती नदी किनारे नाविकों ने एक औंधे मुंह पड़ा शव देखा, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों को बुलाया, जिन्होंने नीरज के रूप में उसकी पहचान की। नीरज जिंस, पैंट-शर्ट व जैकेट पहने हुए थे और उनकी जेब से कुछ पैसे व बाइक की चाभी भी बरामद हुई।
नीरज के भाई संजय ने बताया कि नीरज की शादी चार वर्ष पूर्व सोनी से हुई थी और उनकी तीन वर्ष की एक बेटी परी है। वह अपने चार भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटे थे। संजय ने नीरज की साजिशन हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर देने की बात कही है।
खानपुर एसओ राजीव पांडेय ने बताया कि नीरज की गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज है, इसलिए पोस्टमार्टम सहित अन्य समस्त कार्रवाई कोतवाली पुलिस द्वारा ही की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
