यूपी में Akhilesh Yadav lookalike वायरल, सपा नेता भी हुए हैरान
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हमशक्ल को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। सलाउद्दीन नाम के इस शख्स की शक्ल अखिलेश यादव से इतनी मिलती है कि लोग उन्हें देखकर हैरान रह जाते हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सलाउद्दीन की तस्वीरें और वीडियो तेजी से साझा किए जा रहे हैं, जिससे वह आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।
सलाउद्दीन अलीगढ़ के शाह जमाल क्षेत्र के रहने वाले हैं और शहर में हार्डवेयर का व्यवसाय करते हैं। उनकी शक्ल में यह समानता इतनी अधिक है कि कई बार कट्टर सपा कार्यकर्ता भी उन्हें देखकर धोखा खा जाते हैं।
कुछ दिन पहले सलाउद्दीन एक पार्षद के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान राजकुमार भाटी ने उन्हें अखिलेश यादव का हमशक्ल बताते हुए सम्मानित किया। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सलाउद्दीन की चर्चा और बढ़ गई।
बताया जा रहा है कि राजकुमार भाटी ने सलाउद्दीन को लखनऊ भी बुलाया था और उनकी अखिलेश यादव से मुलाकात कराने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, किसी कारणवश अब तक यह मुलाकात नहीं हो सकी है। सलाउद्दीन का सपना है कि वह एक बार सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात जरूर करें। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि सलाउद्दीन आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के लिए प्रचार करते नजर आ सकते हैं।
