पति को कहा ‘मरने जा रही हूं’, सुबह खेत में मिला 63 वर्षीय महिला का शव
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 63 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से कुछ दूरी पर खेत में मिला। महिला, जिसका नाम शकुंतला देवी बताया गया है, ने कथित तौर पर अपने पति को फोन कर कहा था कि वह मरने जा रही है और अब उसे अकेले ही रहना होगा।
घटना बीते दिन शाम की है, जब शकुंतला देवी अपने घर से कुछ देर के लिए बाहर गई थीं। शाम करीब 7 बजे उन्होंने अपने पति सीताराम को फोन किया और यह चौंकाने वाली बात कही। जब पति ने उन्हें समझाने की कोशिश की, तो फोन कट गया। इसके बाद शकुंतला देवी घर वापस नहीं लौटीं।
अगली सुबह, जब उनके पति सीताराम नींद से उठे और अपने खेतों की ओर गए, तो उन्होंने अपनी पत्नी का शव वहां पड़ा पाया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
स्थानीय पंचायत स्वाहल के प्रधान प्रीतम धीमान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। प्रधान ने इस बात की भी पुष्टि की कि मृतिका के पति ने भी फोन पर आत्महत्या की चेतावनी दिए जाने की बात कही है।
क्षेत्राधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम भी करवा लिया गया है। उन्होंने कहा कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह खौफनाक कदम उठाया, इसके कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है। पुलिस मृतिका की कॉल डिटेल्स, परिजनों के बयान और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
