0

सेफ्टी टैंक में मिला नाई का शव, संदिग्ध कार से हत्या की गुत्थी उलझी

By Nov 21, 2025

पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर तैबा नगर गली नंबर-3 में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जब एक निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सहदेवा गांव निवासी सुदामा ठाकुर (25 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका गहरा गई है, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल है।

घटना का खुलासा सुबह करीब 7 बजे हुआ, जब निर्माणाधीन मकान में काम करने पहुंचे मजदूरों ने सेफ्टी टैंक में शव देखा और तुरंत स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचित किया। जानकारी के अनुसार, सुदामा ठाकुर पानेरी बांध स्थित एक किराए के मकान में अपने बड़े भाई उमाकांत ठाकुर और भाभी के साथ रहता था। वह शाहपुर स्थित अस्पताल के पास एक सैलून में नाई का काम करता था।

परिजनों ने बताया कि सुदामा गुरुवार शाम को सब्जी लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे परिवार वाले काफी चिंतित थे।

घटनास्थल से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (जे एच 01 बीक्यू 6850) भी मिली है, जो देर रात से वहीं खड़ी देखी गई थी। इस संदिग्ध कार की मौजूदगी ने मामले को और अधिक रहस्यमय बना दिया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच-सीएचसी, मेदिनीनगर भेज दिया गया है। पुलिस अपहरण, हत्या कर शव छिपाने की कोशिश, वाहन की भूमिका और मृतक के कॉल डिटेल जैसे विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।

अचानक मिले शव और संदिग्ध वाहन की बरामदगी से शाहपुर क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। हर कोई यही सवाल कर रहा है कि सुदामा गुरुवार शाम के बाद कहां गया और किसके साथ था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें