रिवेंज क्विटिंग: गुस्से में नौकरी छोड़ना पड़ सकता है महंगा
बदलते समय के साथ कॉर्पोरेट जगत में नए-नए चलन सामने आ रहे हैं। हाल के दिनों में ‘रिवेंज क्विटिंग’ का ट्रेंड युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है। इसका सीधा मतलब है गुस्से या अपमान के जवाब में अचानक नौकरी छोड़ देना। ऑफिस में अक्सर बॉस की डांट या फटकार सुनने को मिलती है, जिसे पहले लोग काम का हिस्सा मानकर नजरअंदाज कर देते थे। लेकिन अब हालात बदल रहे हैं और लोग अपमान या गुस्से के जवाब में तुरंत इस्तीफा देने का फैसला कर रहे हैं।
‘रिवेंज क्विटिंग’ शब्द का अर्थ ही बताता है कि यह बदला लेने की भावना से लिया गया एक कदम है। तीखे तेवर वाली ईमेल भेजना या अचानक नौकरी छोड़कर अपना गुस्सा जाहिर करना इसी का हिस्सा है। यह ट्रेंड विशेष रूप से युवाओं में देखा जा रहा है, और इसके पीछे सोशल मीडिया का बहुत बड़ा हाथ है। आमतौर पर, यह नाराजगी या किसी अप्रिय घटना के जवाब में होता है।
यह चलन यूरोप और अमेरिका में साल 2018 से ही देखा जा रहा था, जहां सोशल मीडिया पर गुस्से भरे इस्तीफे के ईमेल वायरल होते थे। कोरोना महामारी के बाद वर्कलोड और मानसिक तनाव बढ़ने के कारण, विशेषकर अमेरिका में, 2021-22 में लाखों लोगों ने अचानक नौकरी छोड़ दी।
इसके पीछे कई कारण हैं, जिनमें बॉस का व्यवहार, ऑफिस का माहौल, क्लाइंट या कंपनी से मिला अपमान, काम का अत्यधिक बोझ और भावनात्मक रूप से थक जाना शामिल हैं। एक वैश्विक सर्वेक्षण के अनुसार, 2023 में लगभग 50% कर्मचारी नौकरी छोड़ने के इच्छुक थे, और 16% युवा अचानक इस्तीफा देने का मन बना चुके थे।
हालांकि, गुस्से में आकर नौकरी छोड़ देने से तात्कालिक शांति मिल सकती है और व्यक्ति को अच्छा महसूस हो सकता है, लेकिन यह आपके करियर के लिए बिल्कुल भी सही नहीं है। इससे आपकी पेशेवर छवि खराब हो सकती है। यह एक अल्पकालिक समाधान हो सकता है, लेकिन बार-बार ऐसा करना आपके भविष्य के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
इसका मतलब यह नहीं है कि आप अपनी बात या विचारों को व्यक्त न करें। लेकिन रिवेंज क्विटिंग के बजाय, अपनी समस्याओं को हल करने के लिए अन्य रास्ते भी अपनाए जा सकते हैं। गुस्से में कोई भी फैसला लेने से पहले, अपने एचआर विभाग या मैनेजर के साथ बैठकर अपनी बात रखने की कोशिश करें। यदि इससे भी कोई समाधान नहीं निकलता है, तो शांतिपूर्वक इस्तीफा दें। रिवेंज क्विटिंग की जगह ‘क्वाइट क्विटिंग’ (Quiet Quitting) जैसा तरीका अधिक फायदेमंद साबित हो सकता है। इस्तीफा देते समय अपनी नाराजगी जाहिर करने से बचें।
