अंतर्राष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और बॉक्सर साहिल विवाह के बंधन में बंधे
अर्जुन अवार्डी अंतर्राष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी और रोहतक निवासी बॉक्सर साहिल सोमवार को वैवाहिक जीवन की डोर में बंध गए। मेरठ के द गाड्स पैलेस रिसोर्ट में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यह विवाह समारोह बड़े धूमधाम से संपन्न हुआ। इस शुभ अवसर पर परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और कई जनप्रतिनिधियों ने नवदंपति को आशीर्वाद देकर उनके सुखद भविष्य की कामना की।
चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर स्थित इस रिसोर्ट को विवाह समारोह के लिए खूबसूरत लाइटों और फूलों से सजाया गया था। जब रोहतक निवासी साहिल की बारात रिसोर्ट पहुंची, तो ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर परिवार व रिश्तेदारों ने खुशी से झूमते हुए बारात का स्वागत किया। दूल्हे का तिलक लगाकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अभिनंदन किया गया।
अन्नू के परिवार की ओर से महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक गीत गाते हुए बारात का अभिनंदन किया। स्टेज पर पहुंचने के बाद, अन्नू और साहिल ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई, जिस पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया। पुष्प वर्षा ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया।
इसके बाद, पंडितों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच अग्नि को साक्षी मानकर अन्नू और साहिल ने सात फेरे लिए। वर-वधू ने एक-दूसरे का साथ निभाने और परिवारिक परंपराओं का सम्मान करने का संकल्प लिया। दोनों परिवारों के सदस्यों ने नवदंपति को जीवन भर प्रेम, सम्मान और सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
शादी समारोह में शामिल हुए सभी लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने अन्नू को उनकी नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस विवाह के उपलक्ष्य में मेरठ में कल एक भव्य रिसेप्शन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें खेल जगत और सामाजिक क्षेत्र की कई हस्तियां शिरकत कर सकती हैं।
