एवेंजर्स: डूम्स्डे में टोबी मैगुवायर की वापसी? फैंस हुए सुपर एक्साइटेड!
मार्वल यूनिवर्स की अगली बड़ी फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्स्डे’ के साल 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है, और इस फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता चरम पर है। वैनेसा किबी और रॉबर्ट डाउनी जूनियर जैसे कलाकारों के साथ-साथ, अब इस फिल्म में फैंस के चहेते सुपरहीरो स्पाइडर-मैन की एंट्री की भी जोरदार चर्चा है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, एंथनी और जो रूसो द्वारा निर्देशित की जा रही इस साई-फाई फिल्म में टोबी मैगुवायर एक बार फिर स्पाइडर-मैन के रूप में वापसी कर सकते हैं। हॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने जानकार डेनियल रिचमैन ने अपने पैट्रियन पेज पर यह जानकारी साझा की है। यह खबर फिल्म की घोषणा के बाद से ही फैंस के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि टोबी मैगुवायर का किरदार ‘एवेंजर्स: डूम्स्डे’ में एक कैमियो होगा या फिर वह एक पूर्ण भूमिका में स्पाइडर-मैन के रूप में एक्शन करते दिखाई देंगे। यदि उनकी एंट्री की पुष्टि हो जाती है, तो यह मार्वल के मल्टीवर्स युग में एक और महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। हालांकि, मार्वल यूनिवर्स के निर्माताओं की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
टोबी मैगुवायर को स्पाइडर-मैन के रूप में देखने के लिए फैंस बेहद उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर फैंस अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “यह वही खबर थी जिसका हमें इंतजार था”, जबकि दूसरे ने कहा, “ओह माय गॉड… अब हम यह फिल्म सिनेमाघरों में ही देखेंगे।” कुछ फैंस का मानना है कि मार्वल पुरानी यादों को ताजा कर रहा है और यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी वापसी का संकेत है।
डेनियल रिचमैन के अनुसार, यदि टोबी मैगुवायर ‘एवेंजर्स: डूम्स्डे’ में दिखाई नहीं देते हैं, तो भी उनके अगले क्रॉसओवर प्रोजेक्ट ‘एवेंजर्स: सीक्रेट वॉर्स’ में नजर आने की प्रबल संभावना है। टोबी मैगुवायर ने ‘स्पाइडर-मैन’ की पांचों फिल्मों में पीटर पार्कर का किरदार निभाया है और उनका यह चित्रण आज भी आइकोनिक माना जाता है।
