लखीमपुर में पुलिस मुठभेड़: ऑपरेशन लंगड़ा में दो गिरफ्तार, एक गोली लगने से घायल
लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र में रविवार रात पुलिस और तीन शातिर बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश घायल हो गया। यह मुठभेड़ नेशनल हाईवे पर जलालपुर से सेन्डा को जाने वाले मार्ग पर हुई।
सूत्रों के अनुसार, देर रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश सेंडा मार्ग से एक बाइक पर गुजरने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए सेंडा मार्ग पर गन्ने के खेतों की आड़ लेकर घेराबंदी कर ली। लगभग 20 मिनट बाद एक बाइक पर तीन संदिग्ध लोग आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें हरदोई के पिहानी थाना क्षेत्र निवासी बदमाश अरमान पुत्र इसरार के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। इसी दौरान पुलिस ने उचौलिया क्षेत्र के मंगूलाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से पुलिस ने तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
हालांकि, मुठभेड़ के दौरान तीसरा बदमाश, जिसकी पहचान अनूप के रूप में हुई है, गन्ने के खेतों का फायदा उठाकर अंधेरे का लाभ उठाते हुए फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
गोली लगने से घायल अरमान को प्राथमिक उपचार के लिए पसगवां सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार बदमाश की तलाश तेज कर दी गई है।
