रतलाम में शिक्षक की शर्मनाक करतूत: घर में घुसकर छात्रा से छेड़छाड़, धमकी भी दी
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है, जिसने शिक्षा के पवित्र पेशे को शर्मसार कर दिया है। रावटी थाना क्षेत्र के उमरन गांव में हुई यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है, जहां 50 वर्षीय शिक्षक गोविंद कसावत ने एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी शिक्षक की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि शनिवार को उसके स्कूल की छुट्टी थी और उसके परिवार के अन्य सदस्य घर पर नहीं थे। दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह खेत से चने देखकर घर लौट रही थी, तभी आरोपी गोविंद कसावत उसका पीछा करते हुए घर तक आ पहुंचा। छात्रा के घर में दाखिल होते ही, शिक्षक ने उसे इशारे से कहा कि वह बहुत अच्छी लग रही है और उसका नंबर मांगा। छात्रा ने मना कर दिया।
शिकायत के अनुसार, छात्रा के घर का ताला खोलकर अंदर जाने पर गोविंद ने उसे पैसे देने का लालच दिया और घर के अंदर आने को कहा। छात्रा के मना करने पर भी आरोपी जबरदस्ती घर में घुस आया और उसे अकेला पाकर बुरी नीयत से उसका हाथ पकड़ लिया। घबराकर छात्रा जोर से चिल्लाई, जिससे आरोपी डर गया और अपने घर भाग गया।
इसके बाद छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी गोविंद के घर जाकर उससे नंबर मांगने का कारण पूछा। इस पर गोविंद ने उसे अपने घर के अंदर आने को कहा। छात्रा के मना करने पर आरोपी ने हाथ जोड़कर किसी को न बताने की गुहार लगाई और धमकी दी कि यदि उसने घरवालों को बताया तो वह उसे जान से खत्म कर देगा। घर लौटने पर छात्रा ने तुरंत अपने पिता को फोन पर पूरी घटना बताई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक गोविंद कसावत के खिलाफ छेड़छाड़ और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम सहित भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना सामने आने के बाद से आरोपी शिक्षक फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। इस घटना ने गांव में हड़कंप मचा दिया है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
