स्मार्टफोन पर समय बर्बाद न करें, अच्छी किताबें पढ़ें: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूली बच्चों को स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह देते हुए कहा कि इससे समय बर्बाद होता है और इसका असर आंखों की रोशनी व सोचने-समझने की क्षमता पर भी पड़ता है। उन्होंने ‘स्नेह बंधन’ कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि बच्चों को स्मार्टफोन पर अनावश्यक समय बिताने के बजाय अच्छी और प्रेरणादायी किताबें पढ़ने की आदत डालनी चाहिए।
सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव पर एक छात्रा के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अच्छी सोच जरूरी है। तकनीक महत्वपूर्ण है, लेकिन उसकी भी एक सीमा और आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन आज की पीढ़ी के लिए एक चुनौती है और जब हमारी निर्भरता किसी ऐसी वस्तु पर हो जाती है जो हमारी सोचने की क्षमता को प्रभावित करे, तो उससे दूरी बनानी चाहिए। उन्होंने उदाहरण दिया कि कैसे कैलकुलेटर पर निर्भरता से याददाश्त पर असर पड़ा, उसी तरह अब हर काम के लिए स्मार्टफोन पर निर्भरता बढ़ती जा रही है।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि अच्छी सामग्री और ऑनलाइन पढ़ाई के लिए स्मार्टफोन उपयोगी हो सकता है, लेकिन फोन पर उपलब्ध हर सामग्री बच्चों के लिए लाभदायक नहीं होती। इसका अधिक इस्तेमाल सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है और आंखों की रोशनी पर भी असर डाल सकता है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को सलाह दी कि जो लोग रोजाना चार से छह घंटे फोन पर बिताते हैं, वे धीरे-धीरे इस समय को कम करें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अच्छी और खराब, दोनों तरह की सामग्री उपलब्ध है, इसलिए बच्चों को ऐसी सामग्री से ही जुड़ना चाहिए जो उनकी पढ़ाई और ज्ञान बढ़ाने में उपयोगी हो।
इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने योगी आदित्यनाथ को राखी बांधी, जिसके बाद मुख्यमंत्री ने छात्राओं को उपहार दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियां किसी से कम नहीं हैं। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या करीब 10 हजार थी, जो अब बढ़कर 45 हजार हो चुकी है और जल्द ही 50 हजार तक पहुंचने वाली है। इसका परिणाम है कि बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का सीधा संबंध प्रदेश के विकास से है। आज उत्तर प्रदेश की बेटियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रदेश और देश को आगे ले जाने में योगदान दे रही हैं। यह बदलाव केवल योजनाओं का परिणाम नहीं, बल्कि बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर है। कभी बीमारू राज्य के रूप में पहचाना जाने वाला उत्तर प्रदेश आज तेजी से आगे बढ़ रहा है और भारतीय अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है। बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन इसी परिवर्तन की महत्वपूर्ण तस्वीर है।
अलीगढ़ में खराब सड़क और जलभराव से ग्रामीण परेशान, मरम्मत की मांग
कानपुर में एक और स्विचमैन निलंबित, नगर आयुक्त ने जांच के आदेश दिए
कानपुर में 15 हजार स्नाइडर स्मार्ट मीटर बदले जाएंगे, उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
लखनऊ पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, शोक संतप्त परिवारों से मिलकर जताया दुख
स्वाइन फ्लू अलर्ट: सीएम योगी के निर्देश, अस्पतालों में हों जरूरी प्रबंध, घबराएं नहीं
आगरा: मंडपा गांव में वाहन विवाद में पथराव, एक दर्जन घायल; Agra crime news
Agra News: आश्रम में रक्षाबंधन, माताओं ने बांधी भाइयों को राखी
आगरा में भुजरिया मेले का शुभारंभ, लोक संस्कृति की दिखी झलक
