आगरा जेल में कातिल पत्नी रूबी बेचैन, खीर में नींद की गोलियां देकर की थी पति की हत्या
पति की निर्मम हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाने वाली रूबी शर्मा को जेल भेजने के बाद वह बेचैन दिखी। उसने जेल की बैरक में पूरी रात जागकर गुजारी और रोती रही। साथी महिला बंदियों ने उसे सुबह नाश्ते की लाइन में लगाकर और बातचीत कर शांत कराने का प्रयास किया। रूबी ने 16 साल से पति द्वारा की जा रही पिटाई से तंग आकर यह खौफनाक कदम उठाया।
घटना सिकंदरा के दहतोरा की है, जहां रूबी ने 17 मई की रात को पति सुरेंद्र शर्मा को खीर में नींद की 16 गोलियां मिलाकर दे दी थीं। पति की मौत के बाद उसने शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया और ऊपर से पक्का फर्श बनवा दिया। पुलिस ने शुक्रवार को इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए रूबी को गिरफ्तार किया था।
जेल में रूबी ने बताया कि वह 16 साल से पति की पिटाई झेल रही थी। अगर वह उसे छोड़ देती तो उसकी जिंदगी जेल से भी बदतर हो जाती। उसने पति को नींद की गोलियां देने से लेकर शव को दफनाने और फर्श पक्का कराने तक की पूरी कहानी पुलिस को बताई। जेल जाने से पहले भी वह रोती रही और यही कहती रही कि वह बदतर जिंदगी जी रही थी। बेटियों ने भी मां से मिलने से साफ मना कर दिया है।
