लुधियाना: नशा करने से रोका तो नशेड़ियों ने घर में आग लगाई, 14 लोग बाल-बाल बचे
लुधियाना के जनकपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक भयानक घटना सामने आई। नशा करने से रोकने पर कुछ नशेड़ियों ने बदला लेने के लिए एक घर के बाहर खड़े चार वाहनों को आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि उसने घर को भी अपनी चपेट में ले लिया।
पीड़ित अमरपाल सिंह ने बताया कि रात के करीब ढाई बजे यह घटना हुई। उनके परिवार के 14 सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। पड़ोसियों के फोन आने पर उन्हें आग लगने की भनक लगी। परिवार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान घर की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ गई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले इन नशेड़ियों को इलाके में नशा करने से रोका था। यह घटना उसी का बदला है। स्थानीय लोगों और पार्षद के अनुसार, इलाके में नशेड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सुरक्षा का माहौल बिगड़ रहा है।
पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन से चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
